पुणे : पुणे समाचार ऑनलाइन – पुलिस थाने से चंद मिनटों की दूरी पर ही दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुणे के हवेली तालुका स्थित लोणीकंद में मंगलवार की दोपहर यह वारदात हुई। हमलावर दो की तादात में थे। गोली सिर में लगने से सचिन नानासाहेब शिंदे नामक 29 साल के युवक की मौत हो गई है। इस वारदात से लोणीकंद गांव और परिसर में खलबली मच गई है।
लोणीकंद पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सचिन शिंदे आज दोपहर 12 बजे के करीब लोणीकंद में नगररोड से सटे सोमेश्वर नागरी सहकारी पतसंस्था के पास एटीएम के पास खड़ा था। तब दोपहिया से आये दो में से एक हमलावर ने पिस्तौल निकालकर सचिन पर गोली चला दी। यह गोली उसके सिर में जा लगी। फायरिंग के बाद दोनों हमलावर मौके से भाग निकले। दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में खलबली मच गई।
स्थानीय लोगों ने सचिन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सचिन के खिलाफ गंभीर स्वरूप के मामले दर्ज रहने की जानकारी पुलिस ने दी है। वारदात की खबर पाकर पुणे ग्रामीण पुलिस के अपर जिला अधीक्षक विवेक पाटिल, विभागीय पुलिस अधिकारी डॉ.सई भोरे पाटिल, लोणीकंद थाने के पुलिस निरीक्षक प्रताप मानकर ने मौके का मुआयना किया। लोकल क्राइम ब्रांच ने भी वारदात की जानकारी हासिल कर छानबीन शुरू कर दी है।
Comments are closed.