मुलायम के जन्मदिन पर योगी ने दी बधाई, सपा, प्रसपा के अलग-अलग कार्यक्रम

लखनऊ (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाइन – समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का शुक्रवार को 81वां जन्मदिन है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट के जरिए मुलायम को जन्मदिन की बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट में लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मैं प्रभु श्री राम से उनके स्वस्थ, सुदीर्घ, समृद्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना करता हूं।”

मुलायम के जन्मदिन पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) दोनों अलग-अलग आयोजन करेंगी। प्रसपा कार्यकर्ता जन्मदिन को एकता दिवस के तौर पर मनाएंगे और सैफई में विराट दंगल होगा। शिवपाल सिंह यादव सैफई में रहेंगे। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय में मुख्य कार्यक्रम आयोजित करने के अलावा जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

मुलायम सिंह का गुरुवार को अचानक दिल्ली से लखनऊ पहुंच जाना भी चर्चा का विषय बना है। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुलायम सिंह शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित समारोह में शामिल होंगे, ताकि प्रसपा की ओर से फैलाई जा रही चर्चा पर विराम लग सके। पिछले जन्मदिन पर पुत्र अखिलेश और भाई शिवपाल सिंह यादव, दोनों के साथ मुलायम ने अलग-अलग केक काटा था।

अस्वस्थ चल रहे मुलायम सिंह के लखनऊ आगमन को लेकर भी संशय था। समझा जा रहा था कि संसद का सत्र चलने के कारण मुलायम सिंह का आना संभव नहीं होगा। शिवपाल यादव का भी कहना था कि संसद सत्र चल रहा है, और नेताजी अस्वस्थ भी हैं, जिसके कारण उनका आ पाना मुश्किल है।

visit : punesamachar.com