कोरोना मरीजों की सँख्यावार बनेंगे यलो, ऑरेंज और रेड जोन 

पिंपरी। महामारी कोरोना का प्रकोप पिंपरी चिंचवड़ में तेजी से फैल रहा है। आये दिन मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बीते दो दिन से शहर में रोजाना 1400 से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए मनपा प्रशासन ने कड़े कदम उठाने की शुरूआत कर दी है। मरीजों की संख्या के मुताबिक हाऊसिंग सोसाइटी, बस्ती और कालोनियों को यलो, ऑरेंज और रेड जोन में वर्गीकृत किया जा रहा है। इसके साथ ही महामारी की रोकथाम के लिहाज से लागू किये गए नियमों का उल्लंघन करनेबालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर आठ अमलबाजी दस्ते गठित किये गए हैं।
इस बारे में जानकारी देते हुए मनपा आयुक्त राजेश पाटील ने बताया कि, शहर में कोरोना के मिलनेवाले पॉजिटिव मरीजों की संख्या के अनुसार इलाकों का वर्गीकरण किया जा रहा है। इसमें इलाके की आबादी 5 फीसद से कम मरीज सँख्यावाले इलाके को यलो जोन, आबादी के 5 से 20 फीसद मरीज सँख्यावाले इलाके को ऑरेंज जोन और आबादी के 20 फीसद से ज्यादा मरीज सँख्यावाले इलाके को रेडजोन घोषित किया जा रहा है। इन इलाकों में वैसे बोर्ड लगाए जाएंगे और निर्बंध कड़े किये जायेंगे। सोशल डिस्टन्टिंग, सार्वजनिक जगहों पर थूकने पर रोक, मास्क अनिवार्यता, सैनिटाइजर इस्तेमाल जैसे रोकथाम के नियमों का उल्लंघन करने वाले नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए आठ क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर 8 उड़न दस्ते गठित किये गए हैं।
महामारी कोरोना की रोकथाम के लिए कड़े निर्बंध लगाने के साथ ही उसकी कड़ी अमलबाजी के लिए ये दस्ते कार्यरत रहेंगे। सब्जी मंडी, बाजार, मजदूर अड्डे जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इन निर्बन्धों की अमलबाजी हो रही है या नहीं? इस पर इन दस्तों का नियंत्रण होगा। इन दस्तों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल रहेंगे। इसके अलावा पुलिस बल को हर थाना क्षेत्र में गश्त बढ़ाने को कहा गया है, यह भी मनपा आयुक्त राजेश पाटिल ने बताया। आठ क्षेत्रीय कार्यालय स्तर पर वॉर रूम, हेल्पलाइन कार्यान्वित की जाएगी। मनपा के स्काईसाइन लाइसेंस विभाग की ओर से महामारी के बारे में कोरोना के नियमों के बारे में जनजागृति करनेवाले बोर्ड, होर्डिंग्स आदि लगाए जाएंगे। इसके साथ ही ऑटो रिक्शा में स्पीकर के जरिये भी जनजागृति पर जोर दिया जाएगा।