वर्किंग गर्ल्स होस्टल पर बुरी नजर वालों का साया, सुरक्षा उपाय की मांग

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पुणे कैंटोन्मेंट बोर्ड ने कामकाजी महिलाओं के लिए बाबाजान चौक में होस्टल की व्यवस्था की है। इस होस्टल का उद्घाटन महिला व बाल कल्याण मंत्री पंकजा मुंडे के हाथों हुआ था। नगरसेवकों द्वारा होस्टल जाने के रास्ते में लाइट की व्यवस्था करने के साथ महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक कदम उठाने की मांग बोर्ड से की है।

कुछ शिकायतें बोर्ड के पास आई है

गर्ल्स होस्टल में रहने वाली युवतियों द्वारा कुछ शिकायतें बोर्ड के पास आई हैं। होस्टल जाने वाले रास्ते में अंधेरा रहता है। ऐसे समय में वहां आसपास रहने वाले आवारा लोगों द्वारा लड़कियों को परेशान करने की घटना घटी है। इस तरह की शिकायत मिलने की जानकारी बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल नवनीत कुमार ने बुधवार को आयोजित जनरल बॉडी में दी। नगरसेविका प्रियंका श्रीगिरि और नगरसेविका डॉ। किरण मंत्री ने यह मुद्दा उठाया था।
कामकाजी युवतियों व महिलाओं के लिए होस्टल

बाबाजान दरगाह के पीछे कामकाजी युवतियों व महिलाओं के लिए होस्टल बना है। इस होस्टल में एक साथ 96 लड़कियों के रहने की व्यवस्था की गई है। 30 हजार महीना कमाने वाली लड़कियों व महिलाओं के लिए यहां रहने की व्यवस्था की गई है। अब यहां 50 हजार रुपए महीना कमाने वाली लड़कियों व महिलाओं को रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल इस होस्टल में महाराष्ट्र के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा से नौकरी के लिए पुणे आई लड़कियां व महिलाएं रहती हैं। फरवरी महीने में यह होस्टल शुरू हुआ है। यहां रहने वाली लड़कियों व महिलाओं ने शिकायत की है कि होस्टल के गेट पर खड़े रहने वाले नागरिकों द्वारा कमेंट पास किए जाते हैं।

नगरसेविका प्रियंका श्रीगिरि और डॉ किरण मंत्री ने होस्टल के बाहर सड़क पर लाइट की व्यवस्था करने, परिसर में रहने वाले नागरिकों के अतिरिक्त अन्य किसी भी व्यक्ति को वहां गाड़ी पार्क नहीं करने देने, इस रोड को नो पार्किंग जोन घोषित करने की मांग की है। इस पर सीईओ अमितकुमार ने कहा कि बोर्ड की नगरसेविकाओं से इस मामले में अधिक ध्यान देने का अनुरोध किया है।

वुमेन्स ग्रिवेन्सेस सेल स्थापित करें

पुणे कैंटोन्मेंट बोर्ड के प्रशासकीय विभाग में कई महिलाएं कार्यरत हैं। उनके द्वारा भी अलग-अलग तरह की कई शिकायतें की जाती हैं। इसलिए बोर्ड से वुमेन्स ग्रिवेन्सेस सेल स्थापित करने की मांग नगरसेविका डॉ। किरण मंत्री ने की है।