हैदराबाद में महिलाओं का सीएए के खिलाफ प्रदर्शन

हैदराबाद, 13 जनवरी (आईएएनएस)| नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ अचानक महिलाओं के विरोध प्रदर्शन से रविवार रात टोली चौकी में हल्का तनाव पैदा हो गया। पुलिस को चकमा देते हुए कुछ महिलाओं ने रविवार को टोली चौकी फ्लाईओवर के नीचे अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाथ में तिरंगा झंडा और सीएए के खिलाफ नारे लगाते हुए वे सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगीं।

देखते देखते प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई। युवाओं ने ‘मोदी तेरी तानाशाही, नहीं चलेगी, नहीं चलेगी’, ‘हम क्या मांगे, आजादी’ और ‘काला कानून वापस लो’ के नारे लगाए।

इस प्रदर्शन की वजह से हल्का तनाव पैदा हो गया और व्यस्त चौराहे पर यातायात बाधित हो गया।

जब पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण रूप से अपना प्रदर्शन जारी रखने देने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके लोकतांत्रिक अधिकार पर रोक लगा रही है और उन्हें प्रदर्शन करने नहीं दे रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं व युवाओं को प्रदर्शन समाप्त करने के लिए मनाने की कोशिश की। यह गतिरोध तड़के तीन बजे तक जारी रहा।

प्रदर्शनकारियों द्वारा जगह से हटने से इनकार करने पर पुलिस उन्हें जबरन पुलिस वाहन में ले गई। उन्हें गोशमहल व गोलकोंडा पुलिस थाने ले जाया गया।

पुलिस के साथ गतिरोध में एक युवक घायल हो गया।