कोरोना से गई महिला की जान, रिश्तेदारों ने जलाया रिसेप्शन काउंटर, नागपुर की घटना CCTV में कैद

नागपुर : कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य सिस्टम पर तनाव बढ़ता जा रहा है। दिन प्रतिदिन परिस्थिति मुश्किल होती जा रही है। ऐसे में नागपुर की एक घटना सामने आई है।  एक अस्पताल में कोरोना पीड़ित महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल ने नियम के अनुसार महिला की डेड बॉडी रिश्तेदारो को देने से मना कर दिया। इसी कारण महिला के पति के साथ अन्य रिश्तेदारो ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और रिसेप्शन काउंटर जला दिया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगो को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी नागपुर के पुलिस उपायुक्त लोहित मटानी ने दी।

इस कोरोना संक्रमित महिला को होप अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान महिला की मृत्यु हो गई। रिश्तेदारो ने महिला के डेड बॉडी की मांग की। हालांकि नियम के अनुसार अस्पताल ने डेड बॉडी देने से इंकार कर दिया। इसी बात पर हंगामा हुआ। अस्पताल के डॉक्टर से महिला के पति ने लड़ाई की। साथ ही डेड बॉडी न देने के कारण महिला के पति के साथ रिश्तेदारों ने रिसेप्शन काउंटर के पास आकर सामान फेंकना शुरू किया और एक रिश्तेदार ने तो काउंटर पर आग ही लगा दिया।  पुलिस ने अस्पताल को नुकसान पहुंचाने के मामले में 11 लोगों पर मामला दर्ज किया है, इसमे से 10 लोगो को गिरफ्तार किया है।

नागपुर में कोरोना की स्थिति

रविवार को नागपुर में 4 हजार 110 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।  वही 3 हजार 497 लोग कोरोना मुक्त होकर घर लौटे और 62 लोगों की मौत हो गई। संक्रमित की संख्या 2 लाख 41 हजार 606 पर पहुंच गई है, जिसमे से 1 लाख 94 हजार 908 लोग कोरोना मुक्त हो चुके हैं। कुल 5 हजार 327 लोगों की मौत हो चुकी है।