आ गई सर्दी….गुलमर्ग में पारा शून्य से 7 डिग्री नीचे, अब बढ़ेगी ठंड

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम   देश में सर्दी की आहट हो चुकी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू है। जम्मू और कश्मीर के गुलमर्ग में इस सीजन का सबसे कम तापमान माइनस 7 डिग्री सेल्सियस शुक्रवार को रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान ने कश्मीर में  स्नोफॉल होने के आसार जताए हैं। इसके चलते  ठंड बढ़ने का अनुमान है।  मौसम विज्ञान ने चेतावनी है कि  अगले चार दिनों तक सुबह के समय धुंध पड़ेगी, जबकि आसमान में बादल छाए रहेंगे। गुलमर्ग की बफीर्ली भव्यता में चार चांद लगाने के लिए कश्मीर में आने वाले दिनों में और अधिक बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया गया है।

रोहतांग में हुई बर्फबारी ने रोजमर्रा की जिंदगी पर असर डालना शुरू कर दिया है। बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत का तापमान प्रभावित होगा और ठंड बढ़ेगी। सोनमर्ग में तीन इंच बर्फबारी हुई। राजौरी में पीर पंजाल के पहाड़ बर्फ से ढक गए। बर्फ अपने साथ आफत भी लेकर आती है। बर्फबारी के कारण रजौरी की सड़कों पर लगा जाम लग गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि मुगल रोड को बंद करना पड़ा। पहाड़ों में जाम हटाना किसी चुनौती से कम नहीं हैं। ऐसे में जाम में फंसे लोगों का भी बुरा हाल है।
वहीं मौसम विभाग ने आगे आने वाले दिनों में भी हिमपात का अलर्ट जारी कर दिया है। हालंकि हिमाचल में इसकी झलक देखने को मिल रहा है। हिमाचल के लाहुल को कुल्लू से जोड़ने वाले 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे सहित लाहुल घाटी ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी से लाहुल घाटी का जिला कुल्लू से सम्पर्क कट गया है जिससे लोगो की परेशानियां बढ़ गई है। रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला, बारालाचा ओर कुंजम जोत में अब तक 1 फुट ताजा हिमपात हो चुका है जबकि कोकसर, दारचा, योचे में आधा फुट, सिसु, गोंधला, मुलिंग, तांदी, गोशाल, शटिंगरी, प्यूकर ओर आसपास के गांव में दो से चार इंच तक बर्फबारी हुई है।