विधवा ने शादी से किया इनकार तो ससुराल वालों ने काट दी जीभ, नाक भी काटे, तोड़ दिया हाथ

बाड़मेर. ऑनलाइन टीम   राजस्थान में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई है। पुलिस के मुताबिक, जैसलमेर जिले में साकड़ा ब्लॉक के जगीरो की ढाणा के निवासी बसीर खान ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। बसीर ने कहा कि उसकी बहन गुड्डी की शादी करीब छह साल पहले कोजे खान के साथ हुई थी।  रंगीन सपनों के साथ गुड्डी ससुराल पहुंची और पूरा परिवार हंसी-खुशी जीवन व्यतीत कर रहा था। अचानक गुड्डी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। महज एक साल ही बीते थे कि कोजे खान की मौत हो गई। कोजे खान की मृत्यु के बाद  गुड्डी टूट गई। वह दिन-रात उदास रहने लगी। इस बीच ससुराल वालों ने उसे ससुराल में ही किसी और के साथ शादी करने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया। हादसे के शोक से अभी गुड्डी उबरी नहीं थी कि इन बातों से वह हैरान रह गई। वह किसी भी सूरत में किसी और से शादी करने के लिए राजी नहीं थी, इसलिए ससुराल वालों की बात को सीधे इनकार कर दिया। इसके बाद शुरू हुआ जुल्म का दौर। अत्याचार से तंग आकर वह मायके आ गई।

इसके बाद ससुराल वाले कुछ आरोपियों के साथ वहां भी आ धमके। वहां भी शादी की बात रखी। ना कहने पर 28 वर्षीय विधवा को ससुराल वालों ने पकड़कर ऐसी सजा दी कि रूह कांप जाए।  बसीर ने कहा, ‘उन्होंने गुड्डी की नाक और जीभ काट दी और उसका दाहिना हाथ भी तोड़ दिया, बेटी को बचाने आई मां बिस्मिल्ला को भी आरोपियों ने घायल कर दिया।’   सूचना मिलते ही पुलिस हड़कत में आई। पीड़िता को इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। साकड़ा थाना के स्टेशन हाउस ऑफिसर कांता सिंह ने इस बात की पुष्टि की है। एसएचओ कांता सिंह ने कहा कि मामला दर्ज करने के बाद उन्होंने मुख्य आरोपी जानू खान को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान जानू खान, दुल्ले खान, इकबाल खान, हसम खान, साली, फारुख खान, आंबे खान, लड्डू खान, मनु खान, अनवर खान, सलीम खान, नेमटे खान और नेबे खान के रूप में की गई है।