पश्चिम रेलवे के हॉकी खिलाड़ी चिंगलेंसेना कंगुजम सिंह को मिला ‘अर्जुन पुरस्कार’ 

मुंबई : समाचार ऑनलाईन –  पश्चिम रेलवे के हॉकी खिलाड़ी चिंगलेंसना कंगुजम सिंह को अर्जुन पुरस्कार की घोषणा गत दिनों की गई।चिंगलेंसेना की इस उपलब्धि पर महाप्रबंधक ए.के.गुप्ता ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी तथा खेलकूद के प्रति उनके इस असीम समर्पण एवं उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की.

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी रविंद्र भाकर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार चिंगलेंसना को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन एवं राष्ट्र के प्रति उनके अगाध समर्पण हेतु प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार घोषित किया गया है।
श्री चिंगलेंसेना ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2014 में कांस्य पदक विजेता भारत की पुरुष हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया था।साथ ही उन्होंने एशियाई खेल 2014 एवं 2018 में भी क्रमशः रजत एवं कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया।श्री चिंगलेंसना ने 2016 के ओलंपिक खेलों में भी देश का प्रतिनिधित्व किया है। श्री चिंगलेंसना विगत 8 वर्षों से राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय रेल  तथा वर्ष 2014 से  अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।