जल संसाधन मंत्री जयंत पाटिल भी संक्रमित

मुंबई. ऑनलाइन टीम : महाराष्ट्र में तेज रफ्तार कोरोना की जद में अब कई नेता आ गए हैं। अनिल देशमुख, सतेज पाटिल और राजेन्द्र सिंगणे के बाद अब महाराष्ट्र के सिंचाई मंत्री जयंत पाटिल कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पिछले साल उपमुख्यमंत्री अजीत पवार सहित दर्जनों मंत्री संक्रमित हुए थे।

बता दें कि राष्ट्रवादी परिवार संवाद यात्रा के तहत इस महीने की शुरुआत में राज्य के विभिन्न हिस्सों का पाटिल ने दौरा किया। पार्टी का कुनबा बढ़ाने के लिए अथक प्रयास किया। इस दौरान अनेक लोग उनके संपर्क में आए। अब उन लोगों से उन्होंने सतर्क रहने और सेल्फ क्वारेंटाइन में जाने को कहा है।

उन्होंने ट्वीट किया है, मैं कोरोना वायरस से संक्रमित हुआ हूं। मेरा स्वास्थ्य ठीक है। मैं उचित मेडिकल सलाह ले रहा हूं और जल्दी ठीक होने की आशा है। मैं वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से अपना काम करता रहूंगा।

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में राज्य के मंत्रियों अनिल देशमुख, सतेज पाटिल और राजेन्द्र सिंगणे के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।  देशमुख को नागपुर के अस्पताल में इलाज के बाद 15 फरवरी को वहां से छुट्टी मिल गई है।