फिल्मी अंदाज में बाइक चला रहे थे विवेक ओबेराय, पुलिस ने थमाया चालान

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम   अभिनेता विवेक ओबेरॉय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल होता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो उनकी एक गलती को बार-बार याद दिला रहा है। रात में मुंबई की सड़कों पर वे बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में न तो विवेक ने मास्क पहन रखा था और ना ही हेलमेट लगाया था। वहीं इस वीडियो के बैकग्राउंड में उनकी फिल्म ‘साथिया’ का म्यूजिक चल रहा था और पीछे उनकी पत्नी प्रियंका बैठी नजर आ रही थीं। ‘साथिया’ के अंदाज में बाइक चलाना विवेक को भारी पड़ गया।

इस वीडियो को देखने के बाद उनके खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई कर दी है और चालान काट कर उन्हें थमा दिया है। हेलमेट नहीं पहनने के कारण 500 रुपये का चालान काटा गया है। साथ ही मुंबई पुलिस ने विवेक के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 129, 177 और एपेडमिक एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। विवेक की शिकायत सोशल एक्टिविस्ट डॉ बीनू वर्गीस द्वारा ट्विटर पर की गई थी, जिसके बाद ये कार्रवाई हुई है। विवेक ओबेरॉय ने 14 फरवरी को अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर यह वीडियो शेयर किया था।