भाजपा में जाने की चर्चा पर विश्वजीत कदम ने लगाया फुलस्टॉप

पुणे : समाचार ऑनलाइन – लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद विपक्षी दलों में बेचैनी बढ़ गई है। कई विधायक व नेता अपनी पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो रहे हैं। महाराष्ट्र में यही दौर शुरू है। भाजपा के अलावा खुद राष्ट्रवादी कांग्रेस व कांग्रेस नेताओं ने अपने नेताओं के पार्टी छोड़ने का भय जताया है। भाजपा में शामिल होनेवाले नेताओं की कतार में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विश्वजीत कदम भी हैं। इसकी चर्चा भी सियासी गलियारों में शुरू है। हालांकि बुधवार को खुद कदम ने इसे सिरे से नकार दिया है।

एक बयान जारी कर डॉ विश्वजीत कदम ने कहा कि, मेरे भाजपा में शामिल होने का सवाल ही नहीं उठता। मुझे और मेरे परिवार को कांग्रेस ने झोली भर भरकर दिया है। हमारी वैचारिक निष्ठा कांग्रेस के साथ ही है। ऐसे में कांग्रेस छोड़ने या भाजपा में जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। कदम के इस बयान ने उनके भाजपा में शामिल होने की अफवाहों व चर्चा पर फुलस्टॉप लगा दिया है। डॉ कदम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व भूतपूर्व मंत्री डॉ पतंगराव कदम के पुत्र और महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हैं। उनके पिता के देहांत के बाद उनकी रिक्त सीट से विधायक चुने गए हैं।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस की अगुवाई वाली महागठबंधन को करारी शिकस्त मिली है। इससे जहां भाजपा- शिवसेना के हौसले बुलंद हैं वहीं दोनों कांग्रेस के खेमे में निराशा और बेचैनी का माहौल है। चुनाव के दौरान शुरू हुआ दोनों कांग्रेस के बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने का दौर अभी थमा नहीं है। चुनाव के बाद भाजपा नेताओं द्वारा लगातार दावे किए जा रहे हैं कि दोनों कांग्रेस के कई नेता व विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। खुद राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल ने भी चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी विधायक व नेताओं के पार्टी त्यागने की संभावना जताई है। पार्टी के भूतपूर्व सांसद धनजंय महाडिक ने भी बीती रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। हालांकि उन्होंने इस मुलाकात को चीनी मिल से जुड़ी बताया है। मगर पश्चिम महाराष्ट्र के कई नेता भाजपा का दामन थामने की तैयारी में रहने की चर्चा जारी है।