दाभोलकर हत्याकांड में गिरफ्तार विक्रम भावे की जमानत याचिका खारिज

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  सामाजिक कार्यकर्ता डॉक्टर नरेंद्र दाभोलकर हत्याकांड में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार सनातन संस्था के सदस्य विक्रम भावे की जमानत याचिका शनिवार को पुणे की स्थानीय कोर्ट ने खारिज कर दी। भावे और उसके साथ मुंबई के वकील संजीव पुनालेकर को मई 2019 में गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों पर आरोप है कि, ये दोनों हत्यारों से संपर्क में थे और उन्होंने दाभोलकर और पत्रकार गौरी लंकेश के मर्डर में इस्तेमाल की गई पिस्तौल नष्ट करने में मदद की थी। इस बंदूक को अरब सागर में ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब हो कि अंधविश्वास विरोधी कार्यकर्ता व महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के संस्थापक डॉ नरेंद्र दाभोलकर की 20 अगस्त, 2013 को पुणे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के वक्त वह सुबह की सैर पर निकले थे। सीबीआई ने अदालत में बताया था कि भावे ने कथित तौर पर शूटरों की मदद की और उस जगह का मुआयना किया, जहां दाभोलकर को गोली मारी गई थी। सनातन संस्था के सदस्य विक्रम भावे पर इससे पहले 2008 में ठाणे ब्लास्ट मामले में आरोपपत्र दायर किया गया था। इस मामले में 2013 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया था।