लोकसभा में राहुल की ‘रेप इन इंडिया’ टिप्पणी पर हंगामा

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – राहुल गांधी की ‘रेप इन इंडिया’ टिप्पणी पर शुक्रवार को लोकसभा में भारी हंगामा हुअा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों ने इस टिप्पणी की निंदा की और राहुल गांधी से माफी की मांग की। यह मुद्दा संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उठाया। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने 13 दिसंबर, 2001 को हुए संसद हमले में अपने प्राणों की आहूति देने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ के नारे को ‘रेप इन इंडिया’ (भारत में दुष्कर्म) करार दिया।

उन्होंने कहा, “क्या वह लोगों को भारत में दुष्कर्म करने के लिए बुला रहे हैं? इसका क्या मतलब है? यह शर्मनाक है। उन्हें देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।”

इसके बाद भाजपा सदस्य और पश्चिम बंगाल की सांसद लॉकेट चटर्जी ने राहुल गांधी के बयान की निंदा करते हुए कहा, “क्या राहुल गांधी चाहते हैं कि लोग भारत में महिलाओं के साथ दुष्कर्म करें? क्या यही उनकी सोच है?”

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि इतिहास में यह पहली बार हो रहा है, जब एक सांसद लोगों को ‘भारतीय महिलाओं के साथ दुष्कर्म’ करने का निमंत्रण दे रहे हैं।

उन्होंने कहा, “गांधी परिवार के बेटे लोगों को महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने के लिए कह रहे हैं।”

गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराधों को उजागर करने के लिए गुरुवार को झारखंड के गोड्डा जिले में एक सार्वजनिक रैली के दौरान विवादास्पद ‘रेप इन इंडिया’ टिप्पणी की थी।

उन्होंने कहा था, “मोदी जी का प्रिय प्रोजेक्ट ‘मेक इन इंडिया’ अब वर्तमान समय में ‘रेप इन इंडिया’ हो गया है।”

भाजपा की सभी महिला सांसद ‘राहुल गांधी माफी मांगों’ और ‘हमें न्याय चाहिए’ के नारों के साथ एक तरफ जमा हो गईं। विपक्षी सदस्य भी आरोपों को खारिज करते हुए अपनी सीट से खड़े हो गए।

इस पूरे हंगामे के दौरान राहुल को भी सदन के अंदर देखा गया। जारी हंगामे के बीच टेलीविजन विजुअल्स में वह मुस्कुराते हुए दिखे।