वर्दी पर हमला! पूरे शहर को चुनौती है साहब 

पुणे : समाचार ऑनलाईन – जब अपराधी के हाथ पुलिस के कॉलर तक पहुंच जाए तब शहर के लिए खुद की और दूसरों की सुरक्षा चुनौती बन जाती है। अपराधियों के हौसले का इस हद तक बढ़ जाना काफी डराने वाला है।
पुणे में गुंडागर्दी लगातार बढ़ रही है तथा फिरौती, मारपीट, हत्या जैसी वारदातें बदस्तूर जारी हैं। जिस पुलिस महकमे पर अपराधों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी होती है, वही यहां असुरक्षित दिखाई दे रहा है, क्योंकि बेखौफ अपराधियों ने शहर में पुलिसकर्मी का ही अपहरण कर शहर में खलबली मचा दी। सचिन तनपुरे नामक पुलिसकर्मी ने इस संबंध में सिंहगढ़ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार सिंहगढ़ रोड पर होटल निखारा के पास रविवार रात 8।45 बजे यह घटना घटी। इस वारदात ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी की है।

3 लोगों ने उनका अपहरण किया

पुलिस ने बताया कि एक कार को नंबर प्लेट न रहने से पुलिस नाईक सचिन तनपुरे (उम्र 35 वर्ष) कार में बैठे लोगों से पूछने गये। उसी समय गाड़ी में बैठे 3 लोगों ने उनका अपहरण किया। इसके बाद आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज की और उनकी पिटाई करते हुए 25 किलोमीटर दूर ले गये। इसके बाद उन्हें वहां छोड़ दिया। सचिन तनपुरे ने सचिन रानवडे, मयूर मते व उनके साथी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

दोनों बीट मार्शल रात की गश्त पर थे

पुलिस ने जानकारी दी कि सचिन अपने सहकर्मी शिंदे ये दोनों बीट मार्शल रात की गश्त पर थे। होटल निखारा के सामने उन्हें बिना नंबर प्लेट की कार दिखाई दी। सचिन को शक आने से वे पूछताछ के लिए कार के पास गये। आरोपी कार में शराब पीते हुए बैठे थे। सचिन तनपुरे के सवाल पूछते ही आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज की तथा शिंदे से धक्का-मुक्की कर सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई।

इस दौरान सचिन तनपुरे कार में बैठ गये और गाड़ी को अभिरुचि पुलिस चौकी की ओर ले जाने को कहा। कार ड्राइवर ने गाड़ी को पुलिस चौकी के बजाय प्रयेजा सिडी की ओर से मुंबई-बेंगलुरु हाई-वे की ओर मोड़ दिया। इस दौरान आरोपियों ने सचिन से गाली-गलौज कर उनकी पिटाई भी की और उन्हें फ्लाईओवर से नीचे फेंकने की धमकी दी। इसके साथ ही उन्होंने उनके पास से वॉकीटॉकी व मोबाईल फोन छीन लिया। सचिन रानवड़े ने मारपीट का वीडियो बनाकर तनपुरे को बावधन रोड पर छोड़ दिया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गये। पुलिस उप-निरीक्षक शिवदास गायकवाड़ मामले की जांच कर रहे हैं।