उद्धव ठाकरे की अयोध्या यात्रा का कोई मतलब नहीं : अशोक चव्हाण

मुंबई | समाचार ऑनलाइन

राम मंदिर को लेकर चल रही सियासत के बीच शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के अयोध्या जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ठाकरे की 25 नवंबर को होने वाली अयोध्या यात्रा का कोई अर्थ नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता सब जानती है। यह पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए वोट बंटोरने की राजनीति है। राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में जो ईंटे इकट्ठी की गईं थीं, वह हकीकत में राम मंदिर के लिए नहीं बल्कि सत्ता हासिल के लिए थीं।

अशोक चव्हाण ने रायगढ़ जिले के महाड में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शिवसेना और भाजपा महाराष्ट्र और केंद्र सरकार में सहयोगी हैं, लेकिन कई मुद्दों पर दोनों में तनातनी चलती रहती है। इससे पहले शिवसेना सांसद संजय राउत ने राम मंदिर पर तल्ख बयान देते हुए कहा था कि जिस तरह केंद्र सरकार तीन तलाक के खिलाफ कानून और एससी/एसटी एक्ट कानून में संशोधन लेकर आई, उसी तरह अयोध्या में राम मंदिर पर भी अध्यादेश लेकर आना चाहिए।