गिट्टी पर से स्लिप हुई दोपहिया; मां की मौत बेटा घायल

पिंपरी : समाचार ऑनलाइन – सड़क पर फैली गिट्टी पर से स्लीप होने से दोपहिये पर सवार होकर जा रहे मां-बेटे सड़क पर गिर गए, उसी दौरान पीछे से आई कार के पहिये तले मां का सिर कुचला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शनिवार की शाम साढ़े छह बजे आकुर्डी रेलवे स्टेशन के पास यह हादसा हुआ। सरस्वती सुरेश शिंदे (56, निवासी राजगड पार्क, मोरेबस्ती, चिखली, पुणे) ऐसा मृतका का नाम है। इस हादसे के बारे में उनके पुत्र गणेश सुरेश शिंदे (37) ने निगड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके अनुसार अज्ञात कार चालक जो हादसे के बाद मौके से भाग निकला है, के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गणेश अपनी माँ के साथ दोपहिये पर सवार होकर अपने एक बीमार परिजन को मिलने प्राधिकरण जा रहा था। आकुर्डी में सड़क की मरम्मत का काम शुरू है जिसके चलते वहां गिट्टी फैली हुई है। उस पर से उनकी दोपहिया स्लीप हो गई और दोनों सड़क पर गिर गए। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार ने सरस्वती पर कार चढ़ा दी। सिर पर से पहिया गुजरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें तत्काल समीप के अस्पताल में ले जाया गया वहां से वाईसीएम हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि इलाज के पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। निगड़ी पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है।