गुटखा ले जा रही कार ने दोपहिया को मारी टक्कर 

दंपति घायल; कार चालक समेत 2 गिरफ्तार
पिंपरी। विकेंड लॉकडाऊन में भी प्रतिबंधित गुटखा- पान मसाला की स्मगलिंग जोरों में शुरू है। रविवार की दोपहर पिंपरी चिंचवड़ में पुणे-बेंगलुरु हाइवे पर मुला नदी के पुल के पास प्रतिबंधित गुटखा बिक्री के लिए ले जा रही एक तेज रफ्तार कार द्वारा टक्कर मार दिए जाने से हुए हादसे में दोपहिया पर सवार एक दंपति घायल हो गई। हिंजवड़ी पुलिस ने इस मामले में कारचालक और उसके साथी को गिरफ्तार कर उनसे कार और 78 हजार रुपए का गुटखा बरामद किया है।
इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राहुल बाबूजी सर्जीने (31, निवासी वरली, मुंबई) और अमर आनंदा सोरटे (25, निवासी चेंबूर, मुंबई) का समावेश है। इस हादसे में दोपहिया पर सवार होकर जा रहे सुधाकर विठ्ठल पायगुडे (55) और कुंदा सुधाकर पायगुडे (50, दोनों निवासी केशवनगर, चिंचवड, पुणे) नामक दंपति घायल हो गई हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है। इस बारे में पुलिस हवलदार विजय राठोड ने हिंजवडी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी कार (एम एच 46 / एन 4377) में सवार होकर प्रतिबंधित गुटखा बिक्री के लिए ले जा रहे थे। बीती दोपहर डेढ़ बजे के करीब मुंबई-बेंगलुरु हाइवे पर मुला नदी पर बने पुल के पास आने के बाद तेज रफ़्तार कार ने पायगुडे दंपति की दोपहिया (एम एच 14 / झेड 3871) को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें पायगुडे दंपति गिरने से घायल हो गई। इसमें से कुंदा पायगुडे को रीढ़ की हड्डी में गहरी चोट आई है। हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आकर कार को अड़ाकर रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से 78 हजार 120 रुपये का गुटखा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गुटखा और ढाई लाख की कार को जब्त कर लिया है। हिंजवड़ी पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।