मारे गए पाकिस्तान के दो जवान…संघर्ष विराम उल्लंघन का भारतीय जवानों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : संघर्ष विराम उल्लंघन का खामियाजा फिर पाकिस्तान को चुकानी पड़ी है। भारतीय सेना ने नौशेरा सेक्टर के सामने एलओसी पर दो पाकिस्तानी सेना के जवानों को मार गिराया।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को रात करीब 10 बजे हीरानगर सेक्टर के पंसार सीमा चौकी इलाके में सीमा पार से गोलीबारी शुरू हुई, जिसका सीमा सुरक्षा बल ने मुंहतोड़ जवाब दिया।  गोलीबारी रविवार तड़के पौने चार बजे तक जारी रही, जिसके कारण सीमावर्ती इलाकों में रह रहे लोगों को भूमिगत बंकरों में रात काटनी पड़ी। ध्यान रहे, इससे पहले 13 दिसंबर को भी पाकिस्तानी रेंजर्स ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांवों और अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी कर संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन किया था।

भारतीय सुरक्षाबलों ने 2019 में (जनवरी से 6 जून तक) करीब पांच महीनों में जम्मू-कश्मीर में 103 आतंकियों को मार गिराया। इस दौरान पाकिस्तान ने 1,170 बार सीजफायर का उल्लंघन किया। रक्षा विभाग के सूत्रों के हवाले से बताया था कि 2018 में भारतीय सुरक्षाबलों के द्वारा मारे गए आतंकियों की संख्या 254 थी। इस दौरान पाकिस्तान ने 1,629 बार सीजफायर उल्लंघन किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, 2017 में ऑपरेशन ऑलआउट चलाया गया था। इसके अंतर्गत 329 आतंकी गतिविधियों को नाकाम किया गया था। 200 आतंकी मारे गए, जबकि 74 जवान और 36 नागरिकों को भी जान गंवानी पड़ी। 2016 में हिजबुल कमांडर बुरहान वानी समेत 150 आतंकियों को ढेर किया गया था। इस दौरान 82 जवान और 15 आम नागरिकों की जान गई थी।