कन्यादान में दिया दो लीटर पेट्रोल, मूल्यवृद्धि का अनोखा विरोध  

मेरठ. ऑनलाइन टीम : डीजल-पेट्रोल की कीमतों में हो रही रिकार्ड वृद्धि का देश भर में अलग-अलग तरीके से विरोध किया जा रहा है। इस मामले में जहां आम आदमी लाचार है और सरकार से आस लगाए हुए है कि वह कुछ करेगी, वहीं सरकार सिर्फ जनता को दिलासा देने के अलावा कुछ नहीं कर पा रही है। उसकी नीतियों से महंगाई बढ़ती जा रही है और वह खुद भी आए दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर और अपनी इस करनी को देश के आर्थिक विकास के लिए जरूरी बताकर आम आदमी के जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। इसे लेकर लोग हैरान और परेशान हैं, इसलिए गुस्सा भी निकाल रहे हैं। कुछ सही रास्ते पर चलकर तो कुछ तोड़-फोड़ मचाकर। कुछ लोग तो ऐसे भी हैं, जो अनेखों ढंग से इस मूल्यवृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।

मेरठ के हस्तिनापुर इलाके में एक नेताजी ने कुछ ऐसा ही किया। ग्राम अल्लीपुर मोरना में एसपी नेता किशोर वाल्मीकि हस्तिनापुर के ही बाबूराम की बेटी सुनीता कि शादी मे गांव पहुंचे और कन्यादान के रूप मे दो लीटर पेट्रोल देकर, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का अनोखे अंदाज़ मे विरोध-प्रदर्शन किया।

किशोर वाल्मीकि ने बताया कि सरकार लगातार पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाती जा रही है, जिससे पेट्रोल डीजल की कीमत 100 रुपये के पार हो गई है। देश में पेट्रोल व डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है और पूरे देश में हाहाकार मचा हुआ है। गरीब, मजदूर और मध्यम वर्ग की कमर टूट चुकी है। गैस में भी एलपीजी पर रिकार्ड वृद्धि हो चुकी है।  केन्द्र सरकार की नीयत पर सवालिया निशान है।

जानें इसे हर दिन 6 बजे कैसे बदलती है कीमत : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोजाना सुबह 6 बजे बदलाव होता है। सुबह 6 बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं। पेट्रोल डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमतें क्या हैं, इस आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है।