दोपहिया सवार युवक से दो किलो गांजा बरामद

पिंपरी। संवाददाता : पिंपरी चिंचवड पुलिस के नशीले पदार्थ विरोधी दस्ते ने गुरुवार की रात निगड़ी के कांचघर चौक में एक दोपहिया सवार युवक से दो किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में सचिन शंकर पवार (26, निवासी कालभोरगोटा, निगडी, पुणे) नामक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पुलिस सिपाही अजित लिंबराज कुटे ने निगड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
क्राइम ब्रांच के नशीले पदार्थ विरोधी दस्ते को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि निगड़ी के कांचघर चौक में एक युवक गांजा लेकर आने वाला है। इसके अनुसार पुलिस टीम ने जाल बिछाकर सचिन पवार को हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से दो किलो 125 ग्राम गांजा पाया गया। उसकी कीमत 53 हजार 125 रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा के साथ उसकी दोपहिया और 400 रुपए नकद बरामद की है। निगड़ी पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।