वाहनचोरों से साढ़े 10 लाख के दोपहिये बरामद

पिंपरी। एक शातिर वाहनचोर और तीन किशोर उम्र के साथियों से साढ़े 10 लाख रुपये मूल्य की 25 दोपहिये बरामद किए गए हैं। पिंपरी चिंचवड़ की भोसरी पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से पिंपरी चिंचवड, पुणे, पुणे ग्रामीण, अहमदनगर, नासिक ग्रामीण परिसरों के 22 वारदातें उजागर हो सकी हैं। अन्य तीन दोपहिये के मालिकों की तलाश की जा रही है। अजित अमृता साबले (25, निवासी मरवेशी, राजुर अकोले, अहमदनगर) ऐसे गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम है।
पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि, वाहनचोरी की बढ़ती वारदातों के मद्देनजर सभी पुलिस थानों को जांच का दायरा बढ़ाने के आदेश दिए थे। इसके अनुसार भोसरी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर अवताडे ने उपनिरीक्षक सिद्धेश्वर कैलासे और महेंद्र गाढवे के नेतृत्व में दो टीम गठित की। उपनिरीक्षक महेंद्र गाढवे की टीम के पुलिस सिपाही चेतन सालवे को मुखबिर से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अजित साबले को गिरफ्तार किया गया। साथ ही किशोर उम्र के उसके एक साथी को भी हिरासत में लिया गया।
उनके पास से पिंपरी चिंचवड, पुणे शहर, पुणे ग्रामीण, अहमदनगर ग्रामीण व नासिक ग्रामीण से चुराई गई 18 महंगी दोपहिया बरामद की गई। इसमें से 11 दोपहिये अकोले में रखे गए थे। सहायक पुलिस निरीक्षक कैलासे की टीम ने दो किशोर उम्र के लड़कों को हिरासत में लेकर उनसे सात दोपहिये बरामद किए हैं। दोनों कार्रवाई में भोसरी थाने में दर्ज 4, सांगवी में दर्ज 2, चाकण में दर्ज 2, चिखली और विश्रांतवाडी में दर्ज 1- 1, खडक में 2, नारायणगांव में 2, आलेफाटा में 1, अकोले (अहमदनगर) में 2, संगमनेर (अहमदनगर) में 1, राजुर (अहमदनगर) शहर 1, घोटी ( नासिक ग्रामिण) में 1, कोथरूड में 1, राजुर थाने में दर्ज 1 कुल 22 मामले उजागर हुए हैं।
इन कार्रवाईयों को भोसरी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर आवताडे, पुलिस निरीक्षक (क्राइम) जितेंद्र कदम, सहायक निरीक्षक सिध्देश्वर कैलासे, उपनिरीक्षक महेंद्र गाढवे, नामदेव तलवडे, कर्मचारी चंद्रकांत तिटकारे, अजय डगले, गणेश हिंगे, बालासाहेब विधाते, सागर जाधव, सागर भोसले, चेतन सालवे, अशोक ताथवडे, संतोष महाडीक, समीर रासकर, आशिष गोपी, सुमीत देवकर, गणेश सावत के समावेश वाली टीम ने अंजाम दिया।