ट्रैक्टर परेड…टूटे बैरिकेड्स,  गतिरोध के बीच कई स्थानों पर किसान-पुलिस घमासान  

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : जिसका डर था, आखिर वही बात हो गई। ट्रैक्टर परेड निकालने पर अड़े किसान अपना संयम खो बैठे और पुलिस के साथ उनकी झड़प शुरू हो ही गई। सिंघु, टिकरी और गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने दिल्ली पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं और दिल्ली में दाखिल हो गए हैं। ऐसा की कुछ नजारा गुरुग्राम में फरीदाबाद में भी देखा जा रहा है। गाजीपुर बॉर्डर से किसानों की ट्रैक्टर रैली शुरू हो गई है। भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बताया कि हमें एक रूट दिया गया है, हम उसी रूट से जा रहे हैं।

आंदोलन खत्म नहीं होगा। नियमों का पूरा पालन किया जाएगा। बता दें कि दिल्ली पुलिस से इजाजत मिलने के बाद आज मंगलवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली में ‘ट्रैक्टर परेड’ निकाल रहे हैं। इसके लिए किसानों ने सभी जगहों पर पुलिस के बैरिकेड्स तोड़कर दिल्ली की सीमाओं में दाखिल होना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के डीजीपी एच. सी.अवस्थी ने कहा कि हमारे सारे जिलों में अधिकारी मुस्तैद हैं। उनको दिशानिर्देश दे दिए गए हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बनाकर रखी जाएगी। कोई उपद्रव करता है तो कानून के हिसाब से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि किसान संघों ने कहा था कि उनकी परेड मध्य दिल्ली में प्रवेश नहीं करेगी और यह गणतंत्र दिवस पर होने वाली आधिकारिक परेड के समापन के बाद ही शुरू होगी, लेकिन  राजधानी में अलग-अलग जगहों से किसानों और पुलिस के बीच गतिरोध की खबरें आ रही हैं।  इससे पहले किसानों की ट्रैक्टर रैली को रोकने के लिए राजधानी के करनाल बाईपास पर रातोंरात अस्थायी दीवार खड़ी कर दी गई।  दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को अलग से एक ट्रैफिक एडवाइजरी  जारी करते हुए लोगों को आगाह किया था कि ट्रैफिक के लिए किसी प्रकार की रोकटोक नहीं है। केवल ट्रैक्टर रैली के लिए जाने वाले बॉर्डर से नहीं जा सकेंगे। वे ट्रैक्टर परेड के रूट के आस-पास से ना गुजरें, वरना दिक्कत हो सकती है।

 ताजा स्थिति

-दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर गलत दिशा से दिल्ली में घुसे हजारों किसान अक्षरधाम की तरफ बढ़ रहे हैं।  -ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली कूच कर रहे किसान आनंद विहार अंडरपास पर पहुंचे।
-फरीदाबाद में बैरिकेड तोड़कर किसान ट्रैक्टर रैली दिल्ली के लिए रवाना हुई, टकराव की आशंका।
-ट्रैक्टर परेड के दौरान गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसानों का एक जत्था बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ा।
-यूपी गेट बॉर्डर पर किसानों का भारी हुजूम है। ट्रैक्टरों की कई किलोमीटर तक लाइन लगी हुई है। किसान कई गुट में बंटे हुए हैं। ट्रैक्टरों को जिस तरफ रास्ता मिल रहा है, वो उधर की तरफ चल रहे हैं।