हिमाचल के मनाली में बर्फबारी का लुत्फ उठा रहे पर्यटक

शिमला (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – हिमाचल प्रदेश की राजधानी के निकटवर्ती इलाकों और मनाली में रात भर हुई बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि ऊपरी शिमला जिले के कुछ कस्बे सड़कों पर जमी बर्फ के कारण अन्य इलाकों से कट गए हैं। ब्रिटिश शासकों द्वारा ‘क्वीन ऑफ हिल्स’ कहे जाने वाले शिमला में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि दिन में बर्फबारी की संभावना है। यहां का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बर्फबारी की खबर फैलते ही पर्यटक कुफरी, मशोबरा और नारकंडा जैसे शिमला के आसपास के स्थानों पर पहुंचने लगे। शिमला स्थित ओबेरॉय ग्रुप ऑफ होटल्स के जनसंपर्क अधिकारी डी.पी. भाटिया ने आईएएनएस को बताया, “इस सप्ताह के अंत में हम शिमला और इसके आस-पास के पिकनिक स्थलों में पर्यटकों की अच्छी भीड़ देखने की उम्मीद कर रहे हैं।”

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि मनाली, गुलाबा, सोलंग और कोठी जैसी पहाड़ियों पर बुधवार से मध्यम बर्फबारी हो रही है। मनाली में न्यूनतम तापमान शून्य दर्ज किया गया और तीन सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। अधिकारी ने कहा, “लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू, शिमला, मंडी, सिरमौर और चंबा जिलों में बर्फबारी हुई जबकि मध्य और निचले इलाकों में बारिश हो रही है।” किन्नौर जिले का कल्पा का तापमान शून्य से 6.8 डिग्री नीचे और केलांग के लाहौल और स्पीति का तापमान शून्य से 15 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। यहां भी बर्फबारी हुई। कांगड़ा जिले में धर्मशाला में 8.2 मिलीमीटर बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ शुक्रवार तक सक्रिय रहेगा, जिससे और अधिक बारिश और बर्फबारी होगी।