टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने दिया इस्तीफा, महिलाओं पर की थी टिप्पणी

टोक्यो. ऑनलाइन टीम  टोक्यो ओलंपिक आयोजन समिति के अध्यक्ष योशिरो मोरी ने महिलाओं को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दरअसल, योशिरो मोरी महिलाओं को लेकर बुरी तरह फंस गए हैं। मोरी ने एक हफ्ता पहले जापान ओलिंपिक समिति की बैठक में महिलाओं को लेकर कहा था कि वो काफी बोलती हैं, क्योंकि वे प्रतिस्पर्धी होती हैं। उन्होंने कहा था कि बोर्ड की बैठकों में अगर अधिक महिलाएं हों तो वे लंबी चलती हैं, क्योंकि महिलाएं प्रतिस्पर्धी होती हैं, अगर एक महिला ने कुछ कहने के लिए हाथ उठाया तो दूसरी को लगता है कि उसे भी बोलना चाहिए। उन्होंने कहा था कि अगर आप बोर्ड मीटिंग में महिलाओं की संख्या बढ़ाते हैं तो इससे आपको परेशानियां हो सकती हैं। मोरी के इस बयान के बाद उनकी काफी आलोचना हुई।

4 फरवरी को उन्होंने  प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और माना कि उनका बयान गलत था और ओलंपिक खेलों के भावनाओं से मेल नहीं खाता लेकिन साथ ही उन्होंने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया था, लेकिन   जापान में लैंगिक समानता को लेकर ऐसी बहस छिड़ी कि अंतत: उन्हें इस्तीफ देना ही पड़ा। माना जा रहा है कि टेलीविजन विशेषज्ञों, प्रायोजकों के दबाव और इसके खिलाफ चले ऑन-लाइन अभियान के बाद उन्होंने यह फैसला किया।

शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक मोरी ने 84 साल के साबुरो काबाबुची को अपना उत्तराधिकारी चुना है। काबाबुची पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी और जापान में इस खेल के संचालन समिति के अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने 1964 ओलंपिक में जापान का प्रतिनिधित्व किया है।