आज बज सकता है बिगुल…पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों का होगा ऐलान   

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : चुनाव आयोग आज शुर्वार की शाम लगभग साढ़े 4 बजे प्रेस कांफ्रेंस करने वाला है। माना जा रहा है कि इस दौरान देश के चार राज्यों और एक केंद्रशासित क्षेत्र पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान  हो सकता है। हाल के दिनों में कोरोना महामारी ने फिर जोर पकड़ा है, जिसे देखते हुए चुनाव कार्यक्रम पर भी असर देखने को मिल सकता है।

बंगाल में सात से आठ चरणों में चुनाव कराए जा सकते हैं। केरल जहां फिलहाल कोविड के चलते हालात बेहद खराब है, वहां कई चरणों में चुनाव कराए जा सकते हैं। अपुष्ट खबरों के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए अप्रैल-मई में मतदान हो सकता है।   राज्य के 6,400 पोलिंग बूथों को संवेदनशील माना गया है। यहां पर बूथों की संख्या भी एक लाख से ज्यादा हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, बुधवार को इस संबंध में चुनाव आयोग के अधिकारियों की अहम बैठक हुई थी, जिसकी अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने की थी।

याद रहे चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा था कि केंद्रीय पुलिस बलों की सभी चुनावी राज्यों में तैनाती की जा रही है।  केंद्रीय पुलिस बल सभी चार राज्यों-असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में भेजे गए हैं।