पैंगोलिन की तस्करी करनेवाले तीन गिरफ्तार

पुणे : समाचार ऑनलाइन – दुर्लभ वन्यजीव पैंगोलिन की तस्करी करनेवाले तीन लोगों को पुलिस ने धर दबोचा है। यह कार्रवाई शनिवार को पुणे के खराड़ी परिसर में की गई।

पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर जितेंद्र शिवराम मोहिते (32), योगेश यशवंत पाटील (30) और कुमार यशवंत सावंत (46) को गिरफ्तार किया गया है। उन पर चंदननगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को मिली गुप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब छह बजे खराड़ी स्थित प्राइड होटल के पीछे मैदान में जाल बिछाकर तीनों को गिरफ्तार किया गया। तीनों ने उक्त पैंगोलिन कोंकण से लाया हुआ था। उसके बाद वे उसे सातारा लेकर गए और वहां से उसकी बिक्री करने के लिए पुणे के खराड़ी लेकर आए। इस पैंगोलिन की उम्र तीन साल और वजन साढ़े आठ किलो है। इसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी कीमत मिलती है। इसलिए इसकी तस्करी की जाती है। पुलिस ने वन्यजीव अनाथालय के निदेशक अनिल खैरे को उक्त पैंगोलिन सौंपा।