तीन करोड़ का सोना जब्त, विशाखापत्तनम से भेजा जा रहा था मुंबई

सोलापुर. ऑनलाइन टीम : सोना तस्करों का गिरोह बड़े ही शातिराना ढंग से बड़ी खेप इधर से उधर कर रहा है। केरल में सोना कांड की तफ्तीश अभी जारी ही है कि महाराष्ट्र के सोलापुर में 6 किलो सोना जब्त करने की बड़ी कार्रवाई को स्थानीय पुलिस ने अंजाम दिया है। कीमत तकरीबन तीन करोड़ रूपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह सोना विशाखापत्तनम से मुंबई सड़क मार्ग द्वारा भेजा गया था। इस खेप को मुंबई ले जाना था, मगर इसके पहले ही तस्करी पकड़ी गई।मुखबिरों ने सूचना दी थी कि सोने की बड़ी खेप की तस्करी हो रही है। पुलिस सक्रिय हुई और जाल बिछाया। एक कार को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी ली गई तो पुलिस भी दंग रह गई। ड्राइवर की सीट के नीचे बने लाकर में इसे छिपाकर लाया जा रहा था। एक एक किलोग्राम वजन के 6 बिस्किट मिले। साँवलेश्वर टोल के पास पुलिस ने कार्रवाई की।

सोलापुर स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कार चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। चालक ने बताया कि उसे मुंबई जाना था।  यह सोना किस व्यक्ति ने दिया था और मुंबई में किसको दिया जाना था, इसकी छानबीन शुरू है।