शादी से मना करने पर धमकाते हुए किशोरी से मारपीट और  छेड़छाड़

पिंपरी। शादी करने से मना करने पर माता-पिता समेत जान से मारने की धमकी देते हुए एक किशोर उम्र की लड़की के साथ छेड़छाड़ किये जाने की वारदात सामने आई है। पिंपरी चिंचवड़ से सटे देहूरोड में बुधवार को हुई इस वारदात में देहूरोड पुलिस ने अर्जुन संजय साठे (27, निवासी आदर्शनगर, देहूरोड, पुणे) नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ 16 वर्षीय पीड़ित किशोरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोरी और आरोपी अर्जुन दोनों एकदूसरे को जानते हैं। 13 अप्रैल को उसने शादी का प्रस्ताव रखा था जिसे किशोरी ने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए अर्जुन ने उसके घर के सामने आकर, मेरे खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, मुझे पुलिस थाने से फोन आया था, ऐसा कहकर गालीगलौज की। यही नहीं किशोरी का हाथ पकड़कर उसे घर के बाहर खींचकर निकाला और पेड़ का गमला खींचकर मारा। मेरे अलावा किसी और से शादी की तो तुझे और तेरे माता पिता को जान से मार दूंगा। यह कहकर किशोरी को धमकाया और उसके साथ बदसलूकी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
नृत्य शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज
यहां हिंजवड़ी में एक नृत्य शिक्षक ने एक महिला के घर में उसके गांव की एक युवती से करीबियां बढ़ाने की कोशिश कर अश्लील हरकत करते हुए उसके साथ छेड़खानी की। इस बारे में 31 वर्षीय महिला ने हिंजवड़ी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके अनुसार पुलिस ने संदिप जगदीश परदेशी (40, निवासी वारजे मालवाडी, पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला के गांव की लड़की से नजदीकी बनाने की कोशिश में उसके घर गया। घर के बाथरूम में जाकर पाउडर मांगने के बहाने से लड़की को बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकत की। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सन्दीप के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।