सीएए के समर्थन में भी उतरा हजारों का हुजूम

पिंपरी। संवाददाता – नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ देशभर में आंदोलन हो रहे हैं जिसकी तपिश पिंपरी चिंचवड शहर तक भी पहुंची। अब इस कानून के समर्थन में भी देशभर में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। इस कड़ी में रविवार को भाजपा और दूसरे हिन्दू संगठनों ने पिंपरी चिंचवड शहर में रैली निकाली और पिंपरी चौक में एक विराट प्रदर्शन और सभा के जरिये सीएए कानून का समर्थन किया गया। इस दौरान ‘वी लव मोदी, वी लव अमित शाह’, ‘वंदे मातरम’, ‘वी सपोर्ट सीएए’, ‘वंदे मातरम का नारा है, निर्वासित हिंदू, बौद्ध, सिख, जैन, पारसी, क्रिश्चियन हमारा है’ जैसे नारों से पूरा पिंपरी चौक परिसर गूंज उठा।
हजारों की तादात में रैलियों से पिंपरी चौक में पहुंचने के बाद डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारक पर माल्यार्पण किया गया। यहां भारतीय संविधान का वाचन करने के पश्चात प्रदर्शन की शुरुआत की गई। राज्यसभा में भाजपा के सांसद अमर साबले, भोसरी विधानसभा से भाजपा महेश लांडगे, चिंचवड विधानसभा से भाजपा विधायक और शहराध्यक्ष लक्ष्मण जगताप, पिंपरी चिंचवड मनपा में सत्तादल के नेता एकनाथ पवार, महापौर माई ढोरे, स्थायी समिति सभापति विलास मडीगेरी समेत भाजपा के कई नगरसेवक, नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न संस्था- संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
इस प्रदर्शन में शामिल लोग ‘वी लव मोदी, वी लव अमित शाह’, ‘वंदे मातरम’, ‘वी सपोर्ट सीएए’, ‘वंदे मातरम का नारा है, निर्वासित हिंदू, बौद्ध, सिख, जैन, पारसी, क्रिश्चियन हमारा है’ जैसे नारों के बोर्ड एवं तिरंगा व भगवा ध्वज हाथों में लिए हुए थे। इसके बाद डॉ बाबासाहब आंबेडकर स्मारक के पीछे मैदान में एक सभा हुई जिसमें नागरिकता संशोधन कानून का पुरजोर समर्थन किया गया। राज्यसभा सांसद अमर साबले ने भाजपा की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि, भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिंदुत्व दोनों भी किसी एक धर्म तक के लिए सीमित नहीं है। पाकिस्तान, अफगाणिस्तान बांरगलादेश इन देशों में जिन हिन्दू अल्पसंख्यक वर्गों को धार्मिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है केवल उन्हें इस कानून के अनुसार भारतीय नागरिकता मिलेगी। इससे किसी भी दूसरे समुदाय या लोगों की स्वतंत्रता के लिए कोई खतरा नहीं है।