ठिठुरी दिल्ली…4.1 पर पहुंचा पारा, शीतलहर से सहमे लोग   

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : जैसा कि अंदेशा था मौसम कहर ढाने लगा है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर मौदानी इलाकों पर होने लगा है। दिल्ली तो ठिठुरने लगी है।  मंगलवार को सीजन का सबसे कम तापमान  4.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन का तापमान भी लुढ़क गया। सोमवार को इस दिसंबर का अधिकतम तापमान सबसे कम 19.4 डिग्री दर्ज हुआ था। यह सामान्य से चार डिग्री कम रहा। तुलना करें तो बीते साल 14 दिसंबर को अधिकतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस साल एक दिसंबर से 13 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 26 डिग्री से 21 डिग्री के बीच बना हुआ था, जबकि एक दिसंबर से चार दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री के आसपास बना हुआ था। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान बढ़ेगा जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो गुरुवार-शुक्रवार तक और गिरावट हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय पूवार्नुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि  उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले चार दिनों शुक्रवार तक के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। जम्मू संभाग, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और त्रिपुरा में घने कोहरे की चादर देखने को मिलेगी। बुधवार से शुक्रवार तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और लक्षद्वीप क्षेत्र में बारिश के आसार हैं।