छात्राओं को गलत तरीके से छूने वाले शिक्षक ने दी जान

पुणे: समाचार ऑनलाइन – पुणे में नौवीं क्लास की छात्राओं को गलत तरीके से छूने के आरोपी शिक्षक ने खुदकुशी कर ली है। डोणजे गांव के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्कूल जाकर मुख्याध्यापक से पूछताछ की थी, जिसके बाद उन्होंने कैनल में कूदकर अपनी जान दे दी।  मृतक का नाम अशोक कावरे है। पुलिस ने अशोक की पत्नी वर्षा की शिकायत पर नवनाथ पारगे, पूजा पारगे,रोहिणी कुंभार, बालासाहब पारगे और सुवर्णा चव्हाण के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। अशोक डोणजे स्थित विद्या निकेतन माध्यमिक विद्यालय में मुख्याध्यापक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने स्कूल के कुछ छात्र-छात्राओं को किसी वजह से सजा दी थी। जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई थी। इस घटना से अशोक मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्याध्यापक नौवीं क्लास के छात्र-छात्राओं को कभी-कभी मारा करते थे। साथ ही छात्राओं की पीठ पर गलत तरीके से हाथ फेरते थे। छात्राओं ने इस बारे में गांव के कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं को बताया था। उसके बाद महिला कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन से उनकी शिकायत की थी। इसी के चलते उन्होंने सुसाइड कर ली। सिंहगड रोड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सरदार पाटिल के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक ज्योति गडकरी मामले की जांच कर रही हैं।