पुलिस थाने की छत से कूदकर सिपाही ने की खुदकुशी की कोशिश

महिला पुलिस उपनिरीक्षक के साथ थे प्रेमसंबंध; आपसी विवाद के बाद उठाया कदम

 

पिंपरी। पिंपरी चिंचवड़ के पुलिस महकमें में तब खलबली मच गई जब एक पुलिस सिपाही ने पुलिस थाने की इमारत की छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस सिपाही के एक महिला पुलिस उपनिरीक्षक के साथ प्रेम संबंध थे। उनके आपसी विवाद के चलते अनिल संपत निरवणे नामक पुलिस सिपाही ने खुदकुशी करने जैसा बड़ा कदम उठाया। नए साल के पहले दिन दिघी पुलिस थाने में घटी इस घटना को लेकर 18 दिन बाद मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, इस बारे में पुलिस उपनिरीक्षक अशोक तरंगे ने दिघी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस सिपाही अनिल निरवणे दिघी पुलिस थाने में तैनात है। गत डेढ़ साल से उसका एक महिला पुलिस उपनिरीक्षक के साथ अफेयर चल रहा था। कुछ दिन से उनके बीच विवाद हो रहे थे। इसी विवाद में अनिल ने महिला पुलिस उपनिरीक्षक को जान से मारने औऱ खुद भी आत्महत्या करने की धमकी दी। इसके बाद वह सीधे पुलिस थाने की इमारत की छत पर गया और वहां से कूद गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बहरहाल पुलिस थाने में ही पुलिस सिपाही द्वारा खुदकुशी करने की कोशिश करने की इस घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। पूरे 18 दिनों बाद इस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।