मप्र में हल्की बारिश होने की संभावना

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गर्मी बढ़ने के साथ तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

राज्य के मौसम में लगातार बदलाव का दौर जारी है। सोमवार को मौसम साफ रहने के साथ तेज धूप है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य का तापमान बढ़ने से लू चलने की संभावना बन रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उत्तरी भाग व आसपास के क्षेत्रों में चक्रवात की स्थिति बन रही है। चक्रवात और पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश से मध्य महाराष्ट्र तक की द्रोणिका में बदलाव होने के कारण राज्य के मौसम का मिजाज बदल सकता है। आगामी 24 घंटों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले भी पड़ सकते हैं।

सोमवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 26.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 23 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रविवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 40.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 41.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा।