रावण गैंग का नया सूत्रधार पुलिस के शिकंजे में

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – कुख्यात रावण साम्राज्य गैंग के सरगना अनिकेत जाधव की हत्या के बाद नए सूत्रधार के तौर पर गैंग की कमान सँभालनेवाले और ‘ससा’ (खरगोश) के नाम से पहचाने जाने वाले सागर राजकुमार वाघमोड़े (26) निवासी स्वप्ननगरी, वाल्हेकरवाडी, चिंचवड़ को पिंपरी चिंचवड़ पुलिस के एंटी गुंडा स्क्वाड ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, कुख्यात रावण साम्राज्य गैंग के सरगना अनिकेत जाधव की हत्या के बाद सागर उर्फ ससा पूरी गैंग को चला रहा है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, लूटपाट, दंगा- फसाद, मारपीट जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं। जुलाई 2018 में उसने पिंपरी पुलिस थाने के सामने दिनदहाड़े वाहनों में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाई थी। उसकी बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के चलते उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी।
इसके बाद भी वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। इसके चलते परिमंडल एक की पुलिस उपायुक्त स्मार्तना पाटिल ने इसी साल की जनवरी में उसे पुणे जिले से दो साल के लिए तड़ीपार भी किया गया है। इसके बावजूद वह कुछ माह से अपनी गैंग के जरिए शहर में दहशत निर्माण करने की कोशिश में था। पुलिस आयुक्त ने पिंपरी चिंचवड़ से संगठित अपराध के सफाया के लिए पुलिस निरीक्षक राजेंद्र निकालजे के नेतृत्व में एंटी गुंडा स्क्वाड का गठन किया है। यह स्क्वाड गत कई दिनों से सागर उर्फ ससा के पीछे था। गत दिन उसके आकुर्डी रेल्वे स्टेशन परिसर में आने की खबर गुंडा स्क्वाड को मिली थी। इसके अनुसार जाल बिछाकर उसे दबोचा गया। तलाशी में उसके पास से एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। फिलहाल वह आकुर्डी में पिस्तौल के साथ क्यों आया था? इसकी जांच की जा रही है।