बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए महापौर भी पहुंचे

पिंपरी। संवाददाता – सांगली, कोल्हापुर, सातारा जिलों में बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह से अस्त- व्यस्त हो गया है। यहां के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पूरे राज्य से कोशिशें जारी है। पिंपरी चिंचवड़ के महापौर राहुल जाधव भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए वहां पहुंचे हैं। यहां जीवनावश्यक वस्तुएं, अनाज, दवा आदि लेकर वे खुद बोट से बाढ़ग्रस्त इलाकों में लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए महापौर जाधव ने बताया कि, सांगली, कोल्हापुर, सातारा में बाढ़ से भीषण हालात बने हैं। हजारों लोग इसकी चपेट में आए और बेघर हो गए हैं। आज मैं यहां बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अनाज, जीवनावश्यक वस्तुएं, दवा, जानवरों के लिए चारा आदि लेकर पहुंचा हूं। अब तक कराड, सांगली, जयसिंगपुर, शिरोल, वडगांव, कुरूंदवाड, औरवाड, हासुर, गौरवाड इन इलाकों का दौरा किया। यहां लोगों की हालत काफी दयनीय है।

विधायक महेश लांडगे के मार्गदर्शन तले हम पूरी टीम के साथ चार ट्रक भरकर जीवनावश्यक वस्तूएं लाये हैं। हमारे साथ महेशदादा लांडगे स्पोर्टस् फाऊंडेशन, आपदा प्रबंधन, अविरत श्रमदान, सहारा, लवासा, मुलशी तालुका की टीमें हैं। हम सभी यहां बाढ़ पीड़ितों को मदद करने में जुटे हैं। पिंपरी चिंचवड मनपा की मलबा हटाने वाली मलजेट गाड़ियां इन इलाकों में स्वच्छता के काम में जुटी हैं।