जानलेवा हमले के बाद वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं से खलबली

पिंपरी चिंचवड़ के भोसरी और पुणे के येरवडा इलाके में दहशत
पिंपरी/पुणे। तमाम कड़े उपायों और कड़ी कार्रवाई के बाद भी पुणे और पिंपरी चिंचवड़ शहरों में तोड़फोड़ की घटनाएं थम नहीं रही है। रविवार की रात पिंपरी चिंचवड़ के भोसरी और पुणे के येरवडा में ऐसी दो घटनाएं घटी हैं। इनमें कुछ लोगों पर जानलेवा हमला करते हुए इलाके में सड़क पर पार्क किये गए वाहनों में तोड़फोड़ मचाई गई। पुणे की घटना में 7 से 8 और भोसरी की घटना में 9 वाहन इस तोड़फोड़ से नुकसान ग्रस्त हुए हैं। तोड़फोड़ की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
पिंपरी चिंचवड़ शहर में भोसरी स्थित लांडेवाडी इलाके में एक युवक पर घातक हथियार से जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद उसकी दोपहिया समेत इलाके के 9 वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इस घटना को लेकर गणेश नामदेव कांबले (21, निवासी आंबेडकरनगर, लांडेवाडी, भोसरी, पुणे) की शिकायत के आधार पर एमआईडीसी भोसरी पुलिस ने कपिल नंदू (19, निवासी लांडेवाडी झोपडपट्टी, भोसरी, पुणे) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बीती रात पौने नौ बजे के करीब गणेश अपनी दोपहिया के पास खड़े थे। तब कपिल वहां हाथ में कोयता लेकर आया और उनकी कॉलर पकड़कर गालीगलौज करने लगा। उसके वार से बचकर किसी तरह अपनी जान बचाकर गणेश वहां से भाग निकले।
इसके बाद कपिल ने उनकी दोपहिया और इलाके में सड़क पर पार्क किये गए अन्य 9 दोपहिया वाहनों में कोयते से तोड़फोड़ करते हुए दहशत फैलाई। एमआईडीसी भोसरी पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी हुई है। ऐसी ही एक घटना पुणे के येरवडा इलाके में घटी। यहां एक गिरोह ने पथराव करते हुए 7 से 8 वाहनों में तोड़फोड़ मचाई। येरवडा के फुलेनगर स्थित महात्मा फुले उद्यान के पास बीती रात साढ़े आठ बजे के करीब हुई इस घटना में दो लोग पथराव में घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस इलाके में गांजा पीने के लिए बाहर से काफी संख्या में लोग आते हैं। दो दिन पहले यहां कुछ युवकों का विवाद हुआ था। इस विवाद में बीती रात एक गिरोह ने पथराव करते हुए महात्मा फुले उद्यान और आलंदी रोड पर खड़े 7 से आठ वाहनों में रॉड और पत्थरों से तोड़फोड़ की। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं उनका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। येरवडा पुलिस दहशतगर्दों की तलाश में जुट गई है।