जेल में बंद ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति पोते के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे

ब्रासीलिया (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – जेल में बंद ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा को अपने सात वर्षीय पोते के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मिल गई है। मस्तिष्क ज्वर के चलते उनके पोते की मौत हो गई। बीबीसी ने बताया कि लूला के पोते की शुक्रवार को मौत हुई और जेल में बंद पूर्व राष्ट्रपति को शनिवार को साओ पाउलो में पोते के अंतिम संस्कार में जाने की अनुमति मिल गई।

पाराना राज्य सरकार ने कहा कि लूला (73) को अपने पोते आर्थर के अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। शहर के लिए उनकी हवाई यात्रा की व्यवस्था की जा रही थी जो कुरितिबा में संघीय जेल से लगभग 340 किलोमीटर दूर है, जहां वह बंद हैं। अप्रैल 2018 में सजा पाने के बाद लूला पहली बार जेल से बाहर होंगे। लूला को 2018 में भ्रष्टाचार के आरोपों में 12 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। उनका मानना है कि उनकी सजा राजनीति से प्रेरित थी।