प्रदेशाध्यक्ष के कार्यक्रम के लिए नोटों से जुटाई भीड़

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – गली से दिल्ली तक सत्ता, सर्वाधिक सदस्यों वाली पूरी दुनिया की पहली पार्टी के रुप मे विख्यात भाजपा पर पिंपरी चिंचवड़ में मात्र अपने कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए नोटों का सहारा लेना पड़ रहा है। सोमवार को पिंपरी के संत तुकारामनगर स्थित आचार्य अत्रे रंगमन्दिर में केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में राज्यमंत्री के तौर पर शामिल किए जाने के उपलक्ष्य में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे का सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल महिलाओं में 500-500 रुपए के नोट बांटते मीडियाकर्मियों ने रंगेहाथ पकड़ा। इस वाकये से सियासी गलियारे में खलबली मच गई है।
लोकसभा चुनाव में मिली अपार सफलता के बाद भाजपा की शहर इकाई द्वारा रावसाहब दानवे के साथ ही पुणे के पालकमंत्री चुने गए चन्द्रकांत पाटिल और सांसद चुने गए गिरीश बापट के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। पाटिल इसमें शामिल न हो सके, अतः अन्य दोनों नेताओं का सम्मान किया गया। इससे पहले मोरवाडी में भाजपा कार्यालय का उदघाटन कराया गया। आचार्य अत्रे सभागृह में इस सम्मान समारोह के पश्चात कार्यक्रम में शामिल महिलाओं में 500-500 के नोट बांटते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं को रंगेहाथ पकड़ा गया।

मीडियाकर्मियों के सामने आते ही कार्यकर्ता घबरा गए और चाय-नाश्ते के लिए पैसे देने की बात कहकर खबरें प्रसारित न करने की गुहार लगाने लगे। राज्य और केंद्र की भांति पिंपरी चिंचवड़ मनपा में भी भाजपा की सत्ता है। शहर में पार्टी के एक सांसद, दो विधायक, मंत्री दर्जे के तीन अध्यक्ष और मनपा में 82 नगरसेवकों की ताकत वाली भाजपा पर प्रदेशाध्यक्ष के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए नोट बांटने की नौबत आने को लेकर अचरज जताया जा रहा है।