71 वर्षीय वृद्धा की निर्मम हत्या के बाद लाश के साथ किया दुष्कर्म 

संवाददाता, पिंपरी। एक 71 साल की बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या के बाद उसकी लाश के साथ दुष्कर्म करने की मानवता को कालिख पोतने वाली घटना पुणे जिले के खेड़ तालुका में सामने आयी है। महिला के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई जब उसने विरोध किया तो फूंकनी से उसके सिर और मुंह पर प्रहार कर उसकी निर्ममता से हत्या की गई। इसके बाद उसकी लाश के साथ दुष्कर्म किया गया। सोमवार को सामने आयी इस वारदात के आरोपी को पिंपरी चिंचवड़ की चाकण पुलिस ने पांच घन्टे के भीतर पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया।
चाकण पुलिस के मुताबिक रविवार की रात 10 से साढ़े 10 बजे के करीब यह घिनौनी वारदात हुई है। सोमवार की दोपहर इसका खुलासा होने के बाद अनिल सुदाम वाघमारे (52, निवासी कुरकुंडी, खेड, पुणे) नामक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में मरनेवाली बुजुर्ग महिला का नाम सखुबाई बबन राऊत (71, निवासी कुरकुंडी, खेड, पुणे) है। इस बारे में महिला की बहू विमल शिवाजी राउत (50) ने चाकण पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि, मुखबिर से मिली जानकारी और तकनीकी जांच के अलावा जैक नामक पुलिस डॉग की मदद से इस वारदात को सुलझाने में मदद मिली है।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि, सखुबाई के तीन पुत्र हैं जिसमें से एक की मौत हो चुकी है। बचे हुए दो में से एक कडुस और दूसरा पुणे में रहता है। वह यहां अकेली ही रहती थी। इसी का फायदा उठाने के लिहाज से आरोपी अनिल उनके घर में घुस गया और उनके साथ जबर्दस्ती करने लगा। जब उन्होंने विरोध और प्रतिकार किया तो चूल्हे में आग फूंकने के लिए इस्तेमाल की जानेवाली फूंकनी से उनके सिर और मुंह पर प्रहार किए। इसके चलते वह लहूलुहान होकर अचेत होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उनके साथ दुष्कर्म किया। सोमवार की दोपहर इस घटना की जानकारी मिलने के बाद चाकण पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस यहां पहुंची तब महिला की लाश निर्वस्त्र स्थिति में मिली। उसी कमरे में शराब की बोतल, आधार कार्ड और माल मिली है। पोस्टमार्टम में महिला के साथ दुष्कर्म किये जाने की पुष्टि हुई है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और पुलिस डॉग के साथ ही तकनीकी जांच एवं मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा। बारिश हो चूकने के बाद भी पुलिस डॉग जैक ने आरोपी का रास्ता ढूंढ निकाला। इस पूरी कार्रवाई को चाकण पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक राजपूत, पुलिस निरीक्षक (क्राइम) अनिल देवडे, डिटेक्शन ब्रांच के पुलिस उपनिरीक्षक विजय जगदाले विकास पंचमुख, महिला पुलिस उपनिरीक्षक प्रियांका सालुंखे, हवलदार सुरेश हिंगे, दीपक हांडे, संदीप सोनवणे, हनुमंत कांबले, दत्ता बिराजदार, शशिकांत होले, किरण मांजरे, निखिल वरपे, प्रवीण राले, नितीन गुंजाल, अशोक दिवटे, सुप्रिया धुमाल की टीम ने अंजाम दिया।