बजट की ऐसी छाई है खुमार कि आज भी खुशी मना रहा बाजार 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : एक फरवरी को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में वित्त वर्ष 2021-22 का आम बजट पेश किया, शेयर बाजारों ने जबरदस्त स्वागत किया। कल सोमवार की खुमारी आज भी टूटी नहीं है। बाजार अपने उसी अंदाज में गुलजार है। कल बीएसई का इंडेक्स पांच फीसदी ऊपर बंद हुआ था।  बजट के दिन यह सेंसेक्स में 24 सालों की सबसे बड़ी उछाल रही। एक फरवरी को सेंसेक्स 2314.84 अंक ऊपर 48600 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 646.60 अंक (4.74 फीसदी) की बढ़त के साथ 14281.20 के स्तर पर बंद हुआ था।

मंगलवार को भी वैश्विक बाजार भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।  घरेलू बाजार पर भी असर दिख रहा है। कोरिया का कोस्पी 2.23 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है। हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स, ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स और जापान का निक्केई इंडेक्स एक-एक फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में भी 0.55 फीसदी की बढ़त है। नैस्डैक इंडेक्स 2.55 फीसदी, एस एंड पी 500 इंडेक्स 1.61 फीसदी ऊपर बंद हुआ था। यूरोपियन मार्केट में फ्रांस का सीएसी इंडेक्स और जर्मनी का डीएएक्स इंडेक्स में भी एक-एक फीसदी बढ़त रही थी।

वैसे देखा जाए तो भारतीय बाजार पिछले कुछ माह के दौरान लॉकडाउन के बाद तेज पुनरोद्धार की उम्मीद से काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा सकारात्मक वैश्विक रुख, विदेशी संस्थागत निवेशकों के सतत प्रवाह और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों से भी धारणा मजबूत बनी हुई है। यही कारण है कि सकारात्मक बजट को देख मंगलवार सुबह 10.50 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 878.16 अंक (1.81 फीसदी) ऊपर 49478.77 पर कारोबार कर रहा था।

वहीं निफ्टी 238.50 अंक (1.67 फीसदी) ऊपर 14,519.70 पर कारोबार कर रहा था।   शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 751.66 अंक (1.55 फीसदी) की बढ़त के साथ 49452.27 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 199.40 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 14480.60 के स्तर पर खुला था। आज 1027 शेयरों में तेजी आई और 171 शेयरों में गिरावट आई थी। वहीं 46 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। प्री ओपन के दौरान सुबह 9.01 बजे सेंसेक्स 320.46 अंक (0.66 फीसदी) ऊपर 48921.07 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 229.70 अंक (1.61 फीसदी) ऊपर 14510.90 के स्तर पर था।