मुंबई में पुलिस अधिकारी के बेटे की हत्याकर लाश जंगल में फेंकी  

मुंबई: मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में तैनात एक अधिकारी के बेटे की हत्या कर लाश जंगल में फेंक दी गई। अधिकारी का नाम नरेंद्र शिंदे है। जानकारी के मुताबिक, शिंदे का 20 वर्षीय बेटा अथर्व रविवार शाम से लापता था। वह घरवालों से एक दोस्त की पार्टी में जाने का कहकर निकला था। लेकिन जब काफी देर बाद भी वह लौटकर नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई। गुरुवार सुबह पुलिस को उसका शव गोरेगांव के जंगल में मिला। पुलिस का मानना है कि अथर्व की हत्या कर लाश यहां फेंकी गई होगी।

आखिर हुआ क्या था?
नरेंद्र शिंदे अपने परिवार के साथ गोरेगांव पूर्व की आरे कॉलोनी के रॉयल पाम में रहते हैं। जब देर रात तक उनका बेटा घर नहीं लौटा तो उन्होंने आरे पुलिस को इसकी जानकारी दी। हालांकि इससे पहले कि पुलिस अथर्व को खोज पाती उसे खबर मिली की जंगल में किसी युवक की लाश पड़ी है। जब पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृत युवक अथर्व ही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर पार्टी में गए अथर्व के साथ हुआ क्या था।