वाहनों में तोड़फोड़ की घटना से पिंपरी में दहशत

पिंपरी। सँवाददाता : वाहनों में तोड़फोड़ की वारदातों का सिलसिला कहीं थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला पिंपरी चिंचवड शहर के पिंपरी इलाके का है। सोमवार की रात सवा दस बजे के करीब पिंपरी- कालेवाडी पुल से सटे संजय गांधी नगर में दोपहियों पर सवार होकर आए एक 10 से 12 लड़कों के गुट ने वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए आतंक मचाया। इसमें कार, ऑटो रिक्शा, दोपहिये आदि करीबन 18 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में पिंपरी पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
दीपककुमार राउत (23, निवासी संजय गांधी नगर, पिंपरी, पुणे) ऐसे गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम है। उसके साथ ही पुलिस ने अक्षय भोसले (निवासी पवनानगर, कालेवाडी, पुणे), अमोल खेड़कर, सूरज ताथवड़े, अरुण, रसूलया और अन्य तीन से चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ गोरख बाबूराव देवकर ( 35, निवासी संजय गांधी नगर, पिंपरी, पुणे) ने शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 143, 144, 145, 146, 147, 148, 149, 427, 506 (2), महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37 (1) (2), 135, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पिंपरी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पिंपरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात सवा दस से साढ़े दस बजे के करीब 10 से 12 लड़कों का एक गुट दोपहियों पर सवार होकर संजय गांधी नगर में पहुंचा। उनके हाथों में डंडे और घातक हथियार थे और वे गालीगलौज करते हुए जा रहे थे। इससे पहले कि स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, लड़कों ने डंडों और हथियारों से बाहर रोड पर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ मचाना शुरू कर दिया। उन्हें रोकने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पाया, जिन्होंने थोड़ा साहस जुटाया उन्हें भी हथियार दिखाकर धमकाया गया। बताया जा रहा है कि आवारागर्दों का यह गुट किसी की तलाश में यहां पहुंचा था और पूरे इलाके में आतंक मचाकर चंद मिनटों में ही लौट गया। इस घटना में करीबन 18 वाहनों का नुकसान हुआ है। साथ ही इलाके के लोगों में दहशत व्याप्त है। पिंपरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरी जानकारी लेने के बाद आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी, देर रात एक आरोपी को धरदबोचा।