महाराष्ट्र में Tauktae चक्रवात का कहर, कई जिलों में भारी नुकसान

मुंबई : ऑनलाइन टीम – अरब सागर से उठा समुद्री तूफान ‘टाउते’ केरल, कर्नाटक और गोवा के तटवर्ती इलाकों में भारी तबाही मचाते हुए आगे बढ़ रहा है। इसको देखते हुए गुजरात और महाराष्‍ट्र को अलर्ट पर रखा गया है। Tauktae गुजरात की ओर बढ़ रहा है, ये काफी ताकतवर हो चुका है। इसके कारण केरल और गोवा में इसके चलते भारी बारिश देखने को मिल रही है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज शाम तक ये गुजरात के तट से टकरा सकता है और इस दौरान भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। केरल, कर्नाटक, गुजरात, गोवा , महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी है और मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया है।

पांच राज्यों में चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ अब कहर बरपाने लगा है। इस चक्रवात को लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, चक्रवात ताउते तेज होकर काफी गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है। गुजरात के सूरत में तूफान ने शहर को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रविवार को यहां धूल भरी तेज हवाएं चलीं। इस बीच, गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को ‘ताउते’ साइक्लोन पर मीटिंग की, जिसमें महाराष्ट्र, गुजरात के सीएम और दादर नागर हवेली, दमन और दीव के प्रशासक भी मौजूद रहे। गृहमंत्री ने इस बात पर जोर दिया है कि साइक्लोन में कोरोना से पीड़ित लोगों के ऊपर किसी तरह का प्रभाव ना पड़े इसपर खास तौर से ध्यान देना होगा।

सिद्धिविनायक मंदिर में की गई पूजा-अर्चना

ताउते चक्रवात के मद्देनजर मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में खास पूजा-प्रार्थना की गई। इस तूफान की वजह से मुंबई में लगातार बारिश देखी जा रही है और कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण भारी नुकसान भी हुआ है और ऐसे खतरे से किसी को कोई नुकसान न पहुंचे, इसके लिए यह पूजा की गई है। चक्रवात ‘ताउते’ के प्रभाव से मुंबई में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं।

कई जिलों में भारी नुकसान –

‘ताउते’ चक्रवात के कहर के चलते महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को सिंधुदुर्ग से नुकसान के 536 मामले, रत्नागिरी से 61 मामले और रायगढ़ और ठाणे जिलों से 2-2 मामले सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि इन जिलों में चक्रवात की वजह से कई घर और छत ढह गए हैं। इतना ही नहीं, कहीं-कहीं से पोल उखड़ने की घटनाओं की भी जानकारी मिली है। ‘ताउते’ तूफान को देखते हुए मुंबई एयरपोर्ट को आज 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है।