रविवार पेठ : 140 किलो थर्माकोल व प्लास्टिक सामग्री जब्त

पुणे : समाचार ऑनलाईन –  राज्य में किए गए प्लास्टिक व थर्माकोल पाबंदी के मद्देनजर मनपा के प्लास्टिक विरोधी स्क्वाड ने शुक्रवार और शनिवार को रविवार पेठ स्थित दुकानों पर कार्रवाई की। इस कार्रवाई में करीब 140 किलो थर्माकोल व प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। थर्माकोल बेचने वाले दुकानदारों से 50 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया है। यह जानकारी मनपा प्रशासन ने एक विज्ञप्ति के द्वारा दी है।

त्यौहारों के मद्देनजर शहर की ज्यादातर दुकानों में थर्माकोल, प्लास्टिक के फूल तथा प्लास्टिक के डेकोरेशन की वस्तुओं को बिक्री के लिए रखा गया है। यह स्थिति शहर के विभिन्न बाजारों में खुलेआम दिखाई दे रही है। इसके मद्देनजर मनपा के प्लास्टिक विरोध स्क्वाड ने शुक्रवार और शनिवार को रविवार पेठ की दुकानों पर कार्रवाई की। इस वक्त की गई जांच में विभिन्न दुकानों से करीब 140 किलो थर्माकोल व प्लास्टिक सामग्री को जब्त किया गया। इस कार्रवाई में मनपा प्रशासन ने दुकानदारों से 50 हजार रुपए जुर्माना भी वसूला।

यह कार्रवाई मनपा के प्लास्टिक विरोध स्क्वाड के स्वास्थ्य निरीक्षक शाहू पोकले, उमेश देवकर, अमोल पवार, राजेश रासकर के स्क्वाड ने की। शहर में प्लास्टिक बैग्ज व थर्माकोल पर हर रोज कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनके खिलाफ पुलिस में मामले भी दर्ज करने की जानकारी मनपा प्रशासन के ओर से दी गई है।