मराठी फिल्मों के सहायक निर्देशक की खुदकुशी

पुणे : समाचार ऑनलाईन – मशहूर मंत्रा फ़िल्म समेत कई मराठी फिल्मों में निर्देशन कर चुके सहायक निर्देशक स्वप्नील गणेश शिंदे (31, निवासी सदाशिव पेठ, पुणे) फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने की घटना से पुणे में खलबली मच गई है। शिंदे ने कई मराठी फिल्मों में निर्देशन किया है औऱ वे नाट्य क्षेत्र में भी सक्रिय थे। उनकी खुदकुशी से मराठी फिल्म व नाट्य इंडस्ट्री में शोक जताया जा रहा है। इस बारे में पुणे की विश्रामबाग पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, स्वप्नील शिंदे मराठी फ़िल्म व नाट्य क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने मंत्रा समेत कई फिल्मों में बतौर सहायक निर्देशक की भूमिका निभाई है। गत रात उन्होंने अपने घर की छत से पर्दे की पट्टियों से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। उन्होंने खुदकुशी जैसा रास्ता क्यों अपनाया? इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मगर अनुमान लगाया जा रहा है कि उन्होंने निराशा के चलते खुदकुशी की होगी। बहरहाल विश्रामबाग पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।