महिला डॉक्टर ने जहरीला इंजेक्शन लगाकर की आत्महत्या

वाराणसी | समाचार ऑनलाइन – उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक महिला डॉक्टर द्वारा जहर का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या करने की घटना सामने आयी है। यह घटना वाराणसी शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार का है। मृतक महिला डॉक्टर डॉ शिल्पी राजपूत अर्दली बाजार में एक नर्सिंग होम की संचालिका थी।

पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, डॉक्टर ने कथित रूप से जहर का इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि आत्महत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ शिल्पी राजपूत पर अपने पति डॉक्टर डीपी सिंह की हत्या कराने का आरोप था और जेल भी जा चुकी थी। महिला के पति डॉक्टर डीपी सिंह की 11 साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला डॉक्टर ने अपने सुसाइड नोट में अपने बेटे पर आरोप लगाया है।

गुरुवार रात डॉक्टर शिल्पी अपने बेडरूम में नहीं सोई थी, बल्कि वह नीचे के चेंबर में सोई थीं। उन्होंने देर रात खुद को जहर के दो इंजेक्शन लगाए। नर्सिंग होम के कर्मचारियों को जब तक इस बात की जानकारी मिली, तो वे डॉक्टर को एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक (नगर) दिनेश सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने महिला डॉक्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।