महिला के पेट मे से निकला साढ़े तीन किलो का ट्यूमर , YCM हॉस्पिटल में सफल ऑपरेशन

पिंपरी। सँवाददाता-पिंपरी चिंचवड़ मनपा के वाईसीएम अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक महिला के पेट से साढ़े तीन किलो का मांस का गोला (ट्यूमर) निकाल कर महिला को नया जीवनदान दिया है। सायली चव्हाण ऐसा महिला का नाम है। वह गत माहभर से पेट दर्द की शिकायत से ग्रस्त थी। जब उसका परीक्षण किया गया तब पेट में ट्यूमर रहने की बात सामने आयी। वाईसीएम के डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन से ट्यूमर निकालकर सायली को नया जीवन दिया है।
वाईसीएम अस्पताल के डॉक्टर संजय पाड़ाले के अनुसार सायली चव्हाण को पिछले एक महीने से पेट में दर्द था। उसे इलाज के लिए मनपा के वाईसीएम यानी यशवंतराव चव्हाण मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने तुरन्त महिला पर इलाज शुरू कर दिया और परीक्षण में पता चला कि महिला के पेट में डेस्मोइट ट्यूमर है। सायली के परिजनों को सर्जरी से ट्यूमर निकालने की जानकारी दी गई। अगले दिन डॉक्टर पड़ाले के नेतृत्व वाली टीम ने ऑपरेशन करते हुए महिला के पेट से यह साढ़े तीन किलो का ट्यूमर निकाला।
इस ऑपरेशन में लगभग 6 से 7 घंटे का समय बीता। इस बारे में जानकारी देते हुए डॉ पाड़ाले ने कहा कि, यह काफी दुर्लभ बीमारी है, जो के 10 लाख महिलाओं में से एक महिला को होती है। महिला में इस ट्यूमर होने का प्रमाण पुरुषों से ज्यादा होता है। यह ट्यूमर महिला के पेट में दिन ब दिन बढ़ता जा रहा था जिसके चलते महिला को जान का खतरा भी बढ़ रहा था। वाईसीएम अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने यह ट्यूमर निकालकर महिला को नया जीवन दिया है। महिला की आर्थिक स्थिति को देखते हुए इस खर्च को भी कम से कम रुपयों में करने की बात कही है। सायली की तबीयत में अब सुधार होने से परिवार वाले भी खुश है। सयाली के दोनों बच्चो ने अस्पताल और डॉक्टरों की टीम का धन्यवाद व्यक्त किया।