घरानाशाही खत्म हुए बिना महाराष्ट्र की उन्नति नहीं

पिंपरी । समाचार ऑनलाइन – पुणे जिला और पिंपरी चिंचवड़ शहर में भाजपा के शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक सोमवार को चिंचवड वाल्हेकरवाडी के आहेर मंगल कार्यालय में संपन्न हुई। इसमें कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन करते हुए राज्य के सहकारिता मंत्री व भाजपा के पुणे जिला प्रभारी सुभाष देशमुख ने राष्ट्रवादी कांग्रेस और शरद पवार पर निशाना साधते हुए दोनों कांग्रेस को जिले से हद्दपार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि, जब तक घरानाशाही खत्म नहीं होती तब तक महाराष्ट्र की उन्नति नहीं हो सकती।

इस बैठक के मंच पर श्रम व पुनर्वसन विभाग के राज्यमंत्री बाला भेगडे, भाजपा के प्रदेश महासचिव विधायक सुरेश हालवणकर, पिंपरी चिंचवड़ शहराध्यक्ष विधायक लक्ष्मण जगताप, विधायक बाबुराव पाचर्णे, प्रदेश सचिव उमा खापरे, रवि अनासपुरे, राज्य लोकलेखा समिति के अध्यक्ष एड. सचिन पटवर्धन, पिंपरी चिंचवड़ नवनगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सदाशिव खाडे, पूर्व विधायक शरद ढमाले, पिंपरी चिंचवड़ मनपा स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी, पूर्व नगरसेवक राजेश पिल्ले, नगरसेवक बाबू नायर आदि उपस्थित थे।

देशमुख ने कहा कि, पुणे जिले में बारामती की दहशत है। इस दहशत का सामना करते हुए जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन बढ़ाया। इस दहशत को खत्म करना जरूरी है। ग्रामीण पुणे में भाजपा की ताकत कम है। 21 में से केवल ग्रामीण पुणे में तीन विधायक राष्ट्रवादी के हैं। मगर जिला परिषद में 75 में से मात्र 7 सदस्य ही भाजपा के हैं। जिले में भाजपा का संगठन बढ़ाने का यही मौका है। आनेवाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के ‘अब की बार 220 पार’ के नारे को सफल बनाने के लिए अभी से मेहनत करें। कौन सी सीट किस पार्टी को मिलेगी? इसका विचार न करते हुए जिले में विधानसभा की सभी 21 सीटें युति जीतेगी, ऐसी कोशिश करें।