आध्यात्मिक शिक्षा केंद्र में पिटाई से कोमा में चला गया छात्र

पिंपरी। सँवाददाता – महाराष्ट्र के लाखों वारकरियों के श्रद्धास्थान रहे आलंदी इलाके के आध्यात्मिक शिक्षा केंद्र में हरिपाठ(श्लोक) का अध्ययन न करने पर एक नाबालिग छात्र की इस कदर पिटाई हुई कि वह कोमा में चला गया। उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। आलंदी पुलिस ने बच्चे की पिटाई करने वाले एक संस्था संचालक को को गिरफ्तार कर लिया है। भगवान महाराज पोव्हणे ऐसे गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
आलंदी पुलिस के अनुसार, ओम राजू चौधरी (11) नामक छात्र आलन्दी के माउली ज्ञानराज कृपा प्रसाद आध्यात्मिक केंद्र में पढ़ता है। 10 फरवरी को संस्था के संचालक महाराज पोव्हने ने बच्चे को हरिपाठ पढ़ने के लिए कहा। मगर वह सही ढंग से उसे नहीं सुना सका, जिसके बाद महाराज ने उसे तब तक पीटा जब तक कि वह बेसुध नहीं हो गया। घटना के दूसरे दिन भगवान महाराज पोव्हणे ओम और आध्यात्मिक केंद्र के अन्य बच्चों के साथ औरंगाबाद में कीर्तन के कार्यक्रम में चला गया था।
वहां ओम की तबियत बिगड़ने से उसने उसकी मां कविता राजू चौधरी को फोन पर इसकी जानकारी दी। कविता ने ओम को यहां लाकर अस्पताल में दाखिल कराया। इसके बाद वह कोमा में चला गया। फिलहाल उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। डॉक्टर के मुताबिक, बच्चे के छाती में खासकर फुफ्फुस और हृदय के बीच में गंभीर चोट लगने के कारण वह कोमा में चला गया है। उसकी हालत अभी भी नाजुक ही है। ओम की मां कविता चौधरी ने इस मामले में महराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद आलंदी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।